किसान जीवन का करुण और वैचारिक दस्तावेज : ‘खरगांव का चौक
लेखिका: आशा पाण्डेय
उपन्यास: खरगाँव का चौकखरगांव का चौक समकालीन हिंदी उपन्यासों में एक ऐसा रचना-कृति है, जो किसी एक कथा-घटना या किसी एक पात्र की नियति तक सीमित न रहकर एक पूरे सामाजिक–आर्थिक यथार्थ को अपने भीतर समेट लेती है। यह उपन्यास महाराष्ट्र की खेती-किसानी, किसान आत्महत्याओं, ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विघटन और उससे उपजते मानवीय संबंधों के टूटने-जुड़ने की कथा कहता है। लेखिका आशा पांडेय ने इस यथार्थ को करुणा, संवेदना और गहरी सामाजिक जिम्मेदारी के साथ रूपायित किया है।
‘खरगांव का चौक’ का केंद्रीय विषय महाराष्ट्र में लंबे समय से चली आ रही किसान आत्महत्याओं की त्रासदी है। यह उपन्यास इस समस्या को किसी आँकड़े, सरकारी रिपोर्ट या प्रत्यक्ष राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की तरह नहीं, बल्कि घर-परिवार, खेत-खलिहान और रिश्तों की बारीक परतों के माध्यम से प्रस्तुत करता है। संतोष का आत्महत्या करना केवल एक व्यक्ति की मृत्यु नहीं है, बल्कि एक पूरे परिवार और समुदाय के भविष्य पर घिरा हुआ अंधकार है। यह घटना उपन्यास के कथ्य की धुरी बन जाती है, जिसके इर्द-गिर्द मानवीय संवेदनाएँ, भय, असुरक्षा और नैतिक प्रश्न आकार लेते रहते हैं। उपन्यास यह स्पष्ट करता है कि किसान आत्महत्या कोई आकस्मिक या व्यक्तिगत विफलता नहीं, बल्कि कर्ज़, फसल की असफलता, सरकारी नीतियों की उदासीनता, बाजार-व्यवस्था के दबाव और सामाजिक अपेक्षाओं से उपजा एक दीर्घकालिक संकट है। खरगांव के निवासी—गिरीश, अप्पा साहब बेले, मानमोड़े, गोपाल, राजा, सुरेन, रवि, प्रीतम मुख्या, बबन राव, नागोराव—सब इसी संकट के अलग-अलग रूपों से जूझते दिखाई देते हैं। इन पात्रों के माध्यम से उपन्यास किसी एक किसान की नहीं, बल्कि पूरे ग्रामीण समाज की मानसिक संरचना और उसकी विवशताओं को रेखांकित करता है। यही सामूहिक पीड़ा इस कृति को केवल “एक परिवार की कहानी” नहीं रहने देती, बल्कि उसे ग्रामीण समाज का प्रतिनिधि दस्तावेज बना देती है।
उपन्यास का केंद्रीय पात्र प्रथमेश है, किंतु वह पारंपरिक अर्थों में ‘नायक’ नहीं है। बचपन में माता-पिता को खो चुका प्रथमेश जीवन की कठोरता को बहुत जल्दी समझ लेता है। बड़े भाई संतोष और भाभी शारदा के साथ रहते हुए वह जिस गरीबी, असुरक्षा और भविष्य-भय को देखता है, वही उसकी चेतना का निर्माण करता है। वह न तो विद्रोही है, न ही आदर्शवादी, वह परिस्थितियों को समझने वाला, उन्हें चुपचाप सहने वाला व्यक्ति है।
संतोष की आत्महत्या के बाद प्रथमेश का निर्णय—स्वयं विवाह न करना और भाई के परिवार की जिम्मेदारी उठाना—उसकी नैतिक दृढ़ता और आत्मसंयम को दर्शाता है। यह त्याग किसी महिमामंडन या नायकत्व के साथ प्रस्तुत नहीं किया गया है। लेखिका न तो उसे आदर्श पुरुष के रूप में स्थापित करती हैं, न ही उसके निर्णयों को भावुक भाषणों में बदलती हैं। प्रथमेश का संघर्ष भीतर ही भीतर चलता है—मौन, संयम और अनकहे दुःख के साथ। यही चुप्पी उसे विशेष रूप से प्रभावशाली बनाती है। वह उस ग्रामीण युवक का प्रतीक है, जो अपनी इच्छाओं, सपनों और प्रेम को सामाजिक दायित्वों के नीचे दबा देता है। प्रथमेश और नंदा का प्रेम इस उपन्यास का सबसे सूक्ष्म और संवेदनशील पक्ष है। यह प्रेम किसी बड़े संवाद, वादों या नाटकीय प्रसंगों में व्यक्त नहीं होता। नंदा का उन वस्तुओं से मोह करना, जो प्रथमेश ने दी हैं, प्रेम की एक अनकही भाषा रचता है। यह प्रेम ‘मिलन’ की ओर नहीं, बल्कि ‘संभावना’ की ओर बढ़ता है—और वहीं ठहर भी जाता है। जीवन की क्रूर परिस्थितियाँ, आर्थिक अभाव और पारिवारिक जिम्मेदारियाँ प्रथमेश को इस प्रेम में ठहरने नहीं देतीं। यह अधूरापन उपन्यास की करुणा को और गहरा कर देता है। यहाँ प्रेम किसी रोमानी पलायन का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक यथार्थ के भीतर कैद एक मानवीय चाह के रूप में सामने आता है।
उपन्यास में स्त्री पात्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और अर्थपूर्ण है। शारदा, मीरा, मयूरी, शांता और नंदा—ये सभी पात्र ग्रामीण स्त्री अनुभव के विभिन्न पक्षों को सामने लाते हैं। विशेष रूप से मीरा का चरित्र उल्लेखनीय है। वह विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी आवाज़ ऊँची रखती है। उसका प्रतिरोध किसी संगठित आंदोलन का रूप नहीं लेता, लेकिन उसका बोलना, प्रश्न करना और असहमति जताना ग्रामीण स्त्री चेतना का संकेत है। शारदा का दुःख—पति की आत्महत्या के बाद—एक ऐसी स्त्री का दुःख है, जिसे समाज सहानुभूति तो देता है, लेकिन ठोस सहारा नहीं। लेखिका इन स्त्रियों को दया का पात्र नहीं बनातीं, बल्कि संघर्षशील और जीवट मनुष्यों के रूप में प्रस्तुत करती हैं। श्रीहरि, जो संतोष का बेटा और प्रथमेश का भतीजा है, उपन्यास में भविष्य का प्रतीक बनकर उभरता है। पिता की आत्महत्या के बाद उसके जीवन पर जो छाया पड़ती है, वह यह प्रश्न खड़ा करती है कि क्या यह त्रासदी यहीं समाप्त होगी या अगली पीढ़ी तक जाएगी। प्रथमेश का श्रीहरि के लिए खड़ा होना केवल पारिवारिक दायित्व नहीं, बल्कि एक नैतिक हस्तक्षेप है—एक प्रयास कि यह विनाशकारी चक्र यहीं टूट जाए। यह उपन्यास का सबसे आशावादी, किंतु साथ ही सबसे असहाय क्षण भी है।
‘खरगांव का चौक’ की भाषा इसकी सबसे बड़ी शक्ति है। यह भाषा न तो अलंकृत है, न ही कृत्रिम। इसमें ग्रामीण जीवन की सहजता है, लेकिन साथ ही करुणा और संवेदना की गहरी परतें भी मौजूद हैं। लेखिका दुःख को चीख की तरह नहीं, बल्कि धीमी सिसकी की तरह रचती हैं। इसी कारण पाठक का अंतर बार-बार पिघलता है। वर्णन में कहीं भी अनावश्यक भावुकता नहीं है, दुःख अपने आप बोलता है। शिल्प की दृष्टि से उपन्यास बहु-पात्रात्मक होते हुए भी बिखरता नहीं। छोटे-छोटे प्रसंग मिलकर एक बड़ा सामाजिक कैनवास रचते हैं। यद्यपि कहीं-कहीं पात्रों की अधिकता कथा की गति को धीमा कर भी सकते थे लेकिन उनकी मानवीय जद्दोजहद ने उनका स्पेस क्रिएट किया। सरकारी तंत्र और नीतिगत विफलताओं पर प्रत्यक्ष आलोचना अपेक्षाकृत लेखिका ने मानवीय दुःख से कम आंका है। यह स्पष्ट रूप से उनका रचनात्मक चयन है। उपन्यास का एक महत्वपूर्ण वैचारिक पक्ष उसका ‘सामूहिकता का पुनःस्वप्न’ है।
आधुनिक समय में लगभग विस्मृत हो चुकी सामूहिक चेतना को पुनः स्मृति में लाने का यह प्रयास विशेष महत्व रखता है। पुराने ग्रामीण समाज में किसान केवल अपने खेत का नहीं, पूरे गांव के जीवन का वाहक होता था—उत्सव, विवाह, मृत्यु और विपत्ति सब कुछ साझा कर्म था। श्रीहरि का विचार इसी स्मृति को वर्तमान में रोपने का प्रयास है। वह सामूहिक श्रम, महिलाओं के हुनर और साझेदारी आधारित जीवन-दृष्टि का प्रस्ताव रखता है। यह विचार केवल आर्थिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और नैतिक पुनर्निर्माण की संभावना को भी प्रस्तुत करता है। यहाँ प्रथमेश का यथार्थबोध और श्रीहरि का स्वप्नबोध आमने-सामने आते हैं। प्रथमेश का यह सोचना कि इस मशीनी युग में भला इसे कौन मानेगा अनुभव, थकान और टूटे भरोसे की आवाज़ है। इसके विपरीत श्रीहरि जिद्दी है, लेकिन भोला नहीं। वह किसी आंदोलन का नारा नहीं देता, बल्कि छोटे-छोटे व्यावहारिक प्रयासों के माध्यम से लोगों को जोड़ने की कोशिश करता है। यही साहस इस उपन्यास का वैचारिक उत्कर्ष है।
कृति का समापन किसी समाधान की घोषणा नहीं करता। यह नहीं कहा जाता कि किसान आत्महत्याओं का संकट समाप्त हो गया। बल्कि यह संकेत दिया जाता है कि यदि संकट मनुष्यों ने मिलकर पैदा किया है, तो समाधान भी मिलकर ही खोजा जा सकता है। यह समापन एक खुले भविष्य की ओर संकेत करता है—जहाँ जीवन को फिर से सुंदर बनाया जा सकता है, बशर्ते हुनर, श्रम और विश्वास साझा किए जाएँ। इस प्रकार, ‘खरगांव का चौक’ केवल करुणा का आख्यान नहीं रह जाता, बल्कि सामूहिक जीवन-दर्शन का प्रस्ताव बनता है। यह किसान को केवल पीड़ित नहीं, बल्कि संभावनाओं का वाहक मानता है और अगली पीढ़ी को केवल उत्तराधिकारी नहीं, विचारवाहक के रूप में देखता है। समकालीन हिंदी साहित्य में यह उपन्यास अपनी संवेदनशील दृष्टि, सधी हुई भाषा और गहरे मानवीय सरोकारों के कारण एक महत्वपूर्ण और स्मरणीय स्थान रखता है।
समीक्ष्य कृति: खरगांव का चौक
कृतिकार: आशा पाण्डेय
समीक्षक: कल्पना मनोरमा
समीक्षक:कल्पना मनोरमा
Comments
Post a Comment